फरीदकोट के गांव मचाकी कलां में सोमवार रात अवैध संबंधों के चलते तेजधार हथियार से वार करके एक व्यक्ति की हत्या किए जाने की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान कुलदीप सिंह(35) के रूप में हुई। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव मचाकी कलां के रहने वाले कुलदीप सिंह की पत्नी अमनदीप कौर के इसी गांव के ही निवासी कुलवंत सिंह उर्फ मोटा के साथ अवैध संबंध थे। इसके लिए कुलदीप सिंह अपनी पत्नी को रोकता था। ऐसे में कुलवंत सिंह मोटा व अमनदीप कौर ने कुलदीप सिंह को अपने रास्ते से हटाने अपने एक अन्य साथी आकाशदीप सिंह के साथ मिलकर सोमवार रात को तेजधार हथियारों से कुलदीप सिंह की हत्या कर दी।
हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुलवंत सिंह ने पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर हत्या की जानकारी दी, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह अपना फोन बंद कर मौके से फरार हो चुका था। इस मामले में डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिवार के बयान पर मृतक कुलदीप की पत्नी अमनदीप कौर, उसके प्रेमी कुलवंत सिंह मोटा और एक अन्य आकाशदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और शव का गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।