मोगा के गांव कपूरे में रात गोलियों की आवाज से गूंज उठा। यहां कार में सवार बदमाशों ने एक घर पर फायरिंग कर दी। इस घटना में व्यक्ति की मौत और महिला घायल हुई है। वहीं, आरोपी जिस शख्स को मारने आए थे उसकी जान बच गई।
पंजाब के मोगा में बुधवार रात बड़ी आपराधिक घटना हुई है। मोगा के गांव कपूरे में कार सवार बदमाशों ने एक घर पर दनादन फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला जख्मी हुई है। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच कर रही है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आठ से नौ राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार मोगा के गांव कपुरे में बुधवार रात 7.30 बजे गांव के व्यक्ति मंजीत सिंह के घर पर स्विफ्ट कार में सवार होकर कुछ अज्ञात लोग आए थे। आरोपियों ने आकर मंजीत सिंह बारे में पूछा। उस समय मंजीत के घर पर का करने वाला गांव का राजकुमार भी मौजूद था। राजकुमार ने बाहर आकर दरवाजा खोला तो हमलावारों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दी। एक गोली राजकुमार की पेट पर लगी और वहीं पीछे खड़ी मंजीत सिंह की पत्नी हरमनदीप कौर के पैर पर भी एक गोली लगी। फायरिंग कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
दोनों को जख्मी हालात में मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां राजकुमार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जख्मी हरमनदीप कौर का इलाज चल रहा है। मृतक राजकुमार कपूरे गांव के रहने वाला था, जो पिछले कई सालों से मंजीत सिंह के घर पर काम करता था। जानकारी में पता चला कि मंजीत सिंह के साथ गांव के कुछ लोगों से पुरानी रंजिश है। इसी रंजिश के तहत हमलावारों ने मंजीत के घर पर गोलियां चलाई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।