साल भले ही गुजर रहा है मगर कुछ बड़े हादसे ऐसे हैं, जो उन लोगों को ताउम्र याद रहेंगे जिन्होंने इस दौरान अपनों को खो दिया। वे कोहरा, लापरवाही और अन्य कारणों से हुई सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो गए और पीछे छोड़ गए जिंदगी भर का गम और दर्द। हालांकि सरकार का दावा है कि इस साल रोड सेफ्टी संबंधी प्रयासों के चलते ऐसे हादसों में अपेक्षाकृत कमी हुई है मगर फिर भी सड़कें लाल होती ही रहीं।
दूसरी ओर, गैंगस्टरों का खौफ साल भार लोगों को सताता रहा। गैंगवार में जहां एक गैंगस्टर की मां तक भेंट चढ़ गई, वहीं कबड्डी खिलाड़ी सबसे ज्यादा निशाने पर रहे। कुछेक गैंगस्टरों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया तो कई गिरफ्तार हुए। खैर, सूबे से खौफ खत्म कर गैंगस्टरवाद पर शिकंजा कसने के लिए पंजाब पुलिस की कसरत जारी है, क्योंकि सालभर इस मुद्दे पर सरकार को विरोधियों की घेराबंदी झेलनी पड़ी।
कोहरा लील गया नौ जिंदगियां
घने कोहरे के चलते फिरोजपुर जिले के गोलू का मौर गांव के पास 31 जनवरी की सुबह एक पिकअप वैन और ट्रक के बीच हुए सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। एक महिंद्रा पिकअप वैन, जिसमें वेटर का काम करने वाले 20 लोग सवार थे, जलालाबाद के एक मैरिज पैलेस में काम करके लौट रहे थे। फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर के निर्देश पर स्थानीय तहसीलदार मौके पर पहुंचे थे। अपनों को खाने वाले परिजन फूट-फूटकर रोते रहे।
खाई में गिरे तीर्थयात्री
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में 15 अगस्त को एक दुखद सड़क दुर्घटना में पंजाब के 4 तीर्थयात्रियों की जान चली गई और 23 अन्य घायल हो गए। इनमें 15 बच्चे थे। सभी पीड़ित मोगा जिले के बागी के गांव के निवासी थे और चामुंडा देवी मंदिर से लौट रहे थे। चामुंडा-धर्मशाला सड़क पर जद्रंगल के पास उनकी पिकअप गाड़ी एक गहरी खाई में गिर गई।
जेसीबी से निकाले थे शव
होशियारपुर में 7 जुलाई को यात्रियों से भरी एक बस सामने से आ रही कार से टकरा गई। इसके बाद बस बेकाबू होकर बीच सड़क पर ही पलट गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई जबकि 15 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में कुल 39 यात्री सवार थे। मरने वालों में मां और बेटी भी शामिल थे। यह हादसा दसूहा-हाजीपुर रोड पर अड्डा सगरां के पास हुआ था। बस से घायलों और मृतकों को निकालने के लिए जेसीबी का सहारा लेना पड़ा था
खामोश हुए तीन दोस्त
राजपुरा-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर घग्गर सराय के नजदीक 28 मई की शाम सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान खुशविंदर सिंह, प्रियांश दोनों निवासी अंबाला के रूप में हुई है। घायल मनन कपूर अभी तक सदमे में है। चारों युवक राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी आए थे। घग्गर सराय के पास उनकी कार और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए थे।
पढ़ने गए लौटे नहीं
बठिंडा में 21 जुलाई को कार-ट्रक की टक्कर में चार विद्यार्थियों की मौत हो गई। सभी आईटीआई में पढ़ते थे। हादसा बठिंडा-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भुच्चो टोल प्लाजा के पास हुआ था। तीनों बठिंडा जिले के गांव मंडी कला के रहने वाले थे जबकि छात्रा बरनाला जिले के गांव मेहता की निवासी थी। दुर्घटना उस समय हुई जब छात्र बठिंडा से रामपुरा फूल की ओर जा रहे थे।
सिंगर सिद्धू हादसे का शिकार
पंजाबी सिंगर हरमन सिद्धू 22 नवंबर को सड़क हादसे का शिकार हो गए। वे 37 की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए। यह हादसा तब हुआ जब उनकी गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई। वह मानसा से अपने गांव खियाला जा रहे थे। इस हादसे में हरमन की कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और माैके पर ही सिद्धू ने दम तोड़ दिया था।
नाले में गिरी बस
फरीदकोट में 18 फरवरी को ट्रक के साथ टक्कर के बाद एक प्राइवेट बस रेलिंग तोड़ कर नाले में गिर गई। हादसे में एक महिला समेत 6 लोगों की मौत हो गई जबकि 40 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल यात्रियों को बमुश्किल बाहर निकालकर अस्पताल भर्ती करा रहे हैं।