डॉ. रवजोत सिंह, एनआरआई मंत्री
- फोटो : अमर उजाला
कनाडा में 1500 से ज्यादा छात्रों के वर्क परमिट पर संकट के बादल छा गए हैं। पढ़ाई के बाद कई छात्रों का वर्क परमिट रद्द कर दिया गया है जबकि बहुतों को तो अब यह जारी ही नहीं किया जा रहा है। पंजाब के एनआरआई मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने शुक्रवार को यह मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया।
सदन में मंत्री ने कहा, कनाडा में वर्क परमिट संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे पंजाबी छात्रों के मामले में सरकार पूरी तरह गंभीर है और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि करीब 1500 प्रभावित छात्र इस संकट का सामना कर रहे हैं और पंजाब सरकार इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि उनकी समस्याओं को निकटता से समझा जा सके और उनके हित में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर को पत्र लिखकर जल्द मुलाकात के लिए समय मांगा है। उन्होंने पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इस मामले को कनाडा सरकार के समक्ष कूटनीतिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाए, ताकि प्रभावित छात्रों को जल्द राहत मिल सके।