फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कूकर और तवे से पड़ोसी ने ले ली सीमा की जान: लाश के पास बैठकर चलाता रहा मोबाइल, कई दिनों से नहीं नहाया था कातिल

Sat, 21 Feb 2026 11:07 PM IST
विकास कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, चंडीगढ़

सार

परिजनों के अनुसार आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने कूकर और तवे से ताबड़तोड़ वार किए। गले और शरीर पर गहरे घाव मिले हैं। आरोप है कि महिला के मुंह कपड़े ठूंस दिए।
विज्ञापन
मृतका का पति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ स्थित दड़वा गांव में शनिवार दोपहर 1 बजे सनसनीखेज वारदात में 35 वर्षीय सीमा की उसके पड़ोस में रहने वाले युवक विनोद ने कूकर और तवे से हमला कर हत्या कर दी। घटना के समय महिला घर में अकेली थी। आरोपी अंदर से कुंडी लगाकर कमरे में घुसा और वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद भी वह खून से लथपथ महिला के पास बेड पर बैठकर उसका मोबाइल चलाता रहा। सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी सतनाम सिंह और दड़वा चौकी प्रभारी रवदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

विज्ञापन
Trending Videos

यूपी की रहने वाली थी महिला
मृतका अपने पति प्रदीप और दो बच्चों 12 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे के साथ दड़वा रेलवे स्टेशन के पास गली नंबर-3 में सनबीम होटल के समीप किराये के कमरे में रहती थी। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लालगंज का रहने वाला है। प्रदीप बलटाना में वेल्डिंग का काम करता है। शनिवार सुबह वह ड्यूटी पर चला गया था और दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे। दोपहर करीब एक बजे आरोपी छत पर गया, आसपास का जायजा लिया और फिर कमरे नंबर-2 में घुसकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोपी अपने पिता, चाचा और भाई के साथ उसी मकान के कमरे नंबर-4 में रहता है। उसकी मां की कोरोना काल में मौत हो चुकी है।

मुंह में ठूंस दिए कपड़े
परिजनों के अनुसार आरोपी ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने कूकर और तवे से ताबड़तोड़ वार किए। गले और शरीर पर गहरे घाव मिले हैं। आरोप है कि महिला के मुंह कपड़े ठूंस दिए। पास के कमरे में किराये पर रहने वाले एक व्यक्ति ने शोर सुना और हल्ला मचाया। नीचे दुकान चलाने वाले व्यक्ति को भी आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उसने घरेलू विवाद समझकर ध्यान नहीं दिया। इसी दौरान महिला का रिश्तेदार ललित पहुंचा। खिड़की से झांकने पर उसने सीमा को खून से सना देखा। दरवाजा खोलने की कोशिश करने पर आरोपी ने उस पर भी तवे से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। 

कई-कई दिन नहीं नहाता था कातिल
शोर सुनकर लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी बीच प्रदीप रोज की तरह दोपहर का खाना खाने घर पहुंचा। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और सीमा को ऑटो से सेक्टर-32 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का मानसिक इलाज चल रहा था और वह दो महीने तक अस्पताल में भर्ती भी रहा है। बताया गया है कि वह कई-कई दिन न नहाता था और न ही घर से बाहर निकलता था। पहले भी उसका मृतका के साथ झगड़ा होता रहता था। बच्चों के खेलने पर वह आक्रामक हो जाता था। 

आरोपी का परिवार भी यूपी का 
आरोपी का भाई ड्राइवर है, चाचा सिक्योरिटी गार्ड और पिता वेल्डिंग का काम करते हैं। आरोपी पहले अपने पिता के साथ दड़वा स्थित एक ट्रांसपोर्ट में वेल्डिंग करता था, फिलहाल घर पर ही रहता था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है। पुलिस ने मौके को कॉर्डन ऑफ कर सीएफएसएल और फोरेंसिक टीम से जांच करवाई। घटनास्थल से खून से सना कूकर और तवा बरामद कर लिए गए हैं। पूरी घटना की वीडियोग्राफी भी करवाई गई है।
विज्ञापन

मृतका के परिवार ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची। मृतका के पति ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है और रविवार को पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। परिवार ने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें