केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज पंजाब दौरे पर हैं। मंत्री शिवराज चौहान मोगा पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों के साथ मंजे पर बैठकर सरसों का साग और मक्की की रोटी खाई। यहां उन्होंने किसानों और मनरेगा में काम करने वाले लोगों से बातचीत की। शिवराज चौहान मोगा के गांव रंसीकला में किसानों को पराली न जलाने के लिए सम्मानित किया। इसके साथ ही दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ योजनाओं को ग्राउंड पर उतारने के लिए चर्चा की। केंद्रीय मंत्री के साथ पंजाब भाजपा के अध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत अन्य पार्टी के नेता भी मौजूद हैं।
मोगा जिले का गांव रंसीकला, जिसे पंजाब का मॉडल गांव कहा जाता है, एक बार फिर विकास का उदाहरण बनकर उभरा है। वीरवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब दौरे पर मोगा पहुंचे। उन्होंने गांव रंसीकला का दौरा किया और यहां किए गए विकास कार्यों की सराहना की। वह गांव के मुरीद हो गए।
मंत्री ने गांव में सरसों का साग और मक्की की रोटी खाई। दौरे के दौरान मंत्री ने गांव की लाइब्रेरी, पार्क, पुराना आबादी क्षेत्र, सड़कें व अन्य विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही वे खेतों में पहुंचे और किसानों से बातचीत की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंत्री ने गांव में एक पौधा भी रोपा।
शिवराज सिंह ने कहा कि रंसीकला में चल रहे कार्य वास्तव में प्रेरणादायक हैं। गांव के सरपंच ने जो काम कर दिखाया है, वह आज तक कहीं देखने को नहीं मिला। ऐसे विकास कार्य दफ्तर में बैठकर नहीं देखे जा सकते, इसलिए मैं स्वयं यहां आया हूं। गांव के प्रमुख कार्यों की चर्चा करते हुए मंत्री ने बताया कि पिछले 6 वर्षों से किसी भी किसान ने पराली नहीं जलाई, बल्कि मशीनरी की मदद से पराली को मिट्टी में मिलाकर अगली फसल की बिजाई की जा रही है। पराली न जलाने वाले किसानों को प्रोत्साहन स्वरूप इनाम भी दिए जाते हैं। नशा विरोधी कार्यों में भी गांव ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
मंत्री चौहान ने गांव की स्वच्छता की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां किसी भी प्रकार की नालियां नहीं, फिर भी पूरा गांव साफ-सुथरा है। गांव में मलेरिया, डायरिया व डेंगू जैसी बीमारियों के मामले नहीं मिलते, जो यहां की उत्कृष्ट व्यवस्था को दर्शाता है। गांव रंसीकला में किए गए विकास कार्यों को देखते हुए सरपंच को दिल्ली बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को सभी फसलों का सही एमएसपी उपलब्ध कराया जाएगा। अंत में मंत्री ने कहा कि पंजाब किसान प्रधान प्रदेश है, यहां आकर बहुत आनंद मिला। रंसीकला सच में पूरे देश के लिए एक आदर्श गांव है। यह गांव एक पाठशाला है इनको देखकर बाकियों भी सीखना चाहिए।