पंजाब की जेलों में कैदियों और बंदियों के लिए सूबा सरकार उजाला ओलंपिक खेल आयोजित करवाएगी। यह लोगों को अपराध की दुनिया से निकालकर मुख्य धारा में लाने का एक अनोखा प्रयास रहेगा। जेल विभाग को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है और इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
उजाला ओलंपिक खेल मुकाबलों में वॉलीबॉल, रस्सीकशी, कबड्डी, एथलेटिक्स व बैडमिंटन की स्पर्धाएं होंगी। सूबे की सभी जेल प्रशासन को इन मुकाबलों के लिए टीमें तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। इसके मद्देनजर जेलों में कैदियों व बंदियों ने खेल अभ्यास भी शुरू कर दिया है। इन खेलों का शेड्यूल तीन से चार दिन का रहेगा।
जेलों में आईटीआई और पेट्रोल पंप संचालित होने के बाद अब कैदी वेरका बूथ भी चलाएंगे। दरअसल, वेरका पंजाब सरकार की एक सहकारी इकाई है, जो दूध व अन्य दुग्ध उत्पाद तैयार कर इनकी बिक्री बूथों के जरिये करती है। सरकार ने अब फैसला लिया है कि जेलों के कैदी भी वेरका बूथ संचालित करेंगे। पहले चरण में आठ जेलों में वेरका बूथ स्थापित होंगे। कैदी इन्हें संचालित करेंगे मगर जेल का स्टाफ भी उनका पूरा सहयोग करेगा। इससे कैदियों में एक व्यावसायिक लगाव पैदा होगा, जो जेल से छूटने के बाद उनके लिए सहायक होगा।