मोगा के कोट ईसे खां में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने पिता के साथ वॉकर में बैठा हुआ था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दिव्यांश पुत्र जतिन, निवासी साधांवाली बस्ती, चीमा रोड, कोट ईसे खां के रूप में हुई है।
पिता अपने बच्चे को गली में लाया था घुमाने
जानकारी के अनुसार, बच्चे का पिता जतिन अपने करीब एक साल के बेटे दिव्यांश को वॉकर में बैठाकर बस्ती की गली के पास सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान चीमा रोड की तरफ से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर के नीचे आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मची चीख पुकार
हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में बस्ती के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और बस्तीवासियों ने पुलिस प्रशासन पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए। इसके विरोध में लोगों ने कोट ईसे खां के मुख्य चौक के चारों रास्ते बंद कर धरना शुरू कर दिया। इससे कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
वहीं, मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।