मोगा पुलिस ने गांव माड़ी मुस्तफा में 25 अक्तूबर की शाम हुई पेट्रोल बम फेंकने की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोगा अजय गांधी ने बताया कि 25 अक्तूबर की शाम गांव माड़ी मुस्तफा में एक साइकिल की दुकान पर पेट्रोल बम फेंकने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना बाघापुराना में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों बलजिंदर सिंह, वनस्प्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह तीनों निवासी फरीदकोट को गिरफ्तार किया है।
जांच के दौरान सामने आया कि वारदात के पीछे संदीप सिंह निवासी माड़ी मुस्तफा, जिला मोगा और धर्मप्रीत सिंह निवासी फरीदकोट (वर्तमान में विदेश में) का हाथ है। दोनों ने मिलकर अपने गांव का माहौल खराब करने के इरादे से इस घटना को अंजाम देने की साजिश रची थी।
एसएसपी ने बताया कि धर्मप्रीत सिंह पर छह और संदीप सिंह पर सात आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि पकड़े गए तीनों आरोपियों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। बताया गया है कि तीनों को पैसे का लालच देकर इस वारदात में शामिल किया गया। तीनों गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे और पूछताछ कर इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।