अनिंदिता मित्रा, पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब में 25 जून से शुरू होने वाली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत घर-घर गणना का काम शुरू हो जाएगा। अभी तक सूबे में 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है।
मंगलवार को पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने राज्य की मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर दौरे के समय गणना प्रपत्रों के वितरण, भरने तथा संग्रहण संबंधी जानकारी साझा की गई।
24,453 बीएलओ की ड्यूटी
बैठक के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, पंजाब राज्य में 25 जून से घर-घर गणना का कार्य प्रारंभ होगा जो 24 जुलाई तक चलेगा। विशेष गहन पुनरीक्षण के इस कार्य में 24,453 बीएलओ, राज्य के 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं तक पहुंचेंगे।मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का कार्य 24 जुलाई तक पूरा किया जाएगा जबकि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 3 अगस्त 2026 को किया जाएगा। मतदाता सूचियों के संबंध में दावे और आपत्तियां 3 अगस्त से 2 सितंबर तक पेश की जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 3 अगस्त से 28 सितंबर तक किया जाएगा।