आम आदमी पार्टी की बागी राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पार्टी सुप्रीमो व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। वहीं, स्वाति मालीवाल बिभव कुमार को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से कई सवाल किए हैं।
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार को लेकर पंजाब सरकार को घेरा है। स्वाति मालीवाल ने वीरवार को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि उनके साथ मारपीट करने वाले आरोपी को इनाम दिया गया है। पंजाब मुख्यमंत्री के चीफ एडवाइजर का सबसे बड़ा प्रशासनिक पद सौंपा गया है। अपनी पोस्ट पर स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी टैग किया है।
विज्ञापन
पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी जैसे डीजीपी, चीफ सेक्रेटरी अब दिल्ली में चीफ एडवाइजर के तौर पर नियुक्त किए बिभव कुमार को रिपोर्ट कर रहे हैं। इस पर मालीवाल ने पोस्ट करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से नियुक्ति को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
बीते दिनों पंजाब सरकार में कई बड़े फेरबदल देखने को मिले, जिनमें सीएम के ओएसडी और मीडिया सलाहकार की छुट्टी कर दी गई। इस बीच दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार को सीएम मान का चीफ एडवाइजर नियुक्त किए जाने की चर्चाएं सामने आई थीं, हालांकि पंजाब सरकार ने स्पष्ट रूप से इस पर इन्कार किया था।
स्वाति मालीवाल ने एक्स पर लिखा ये सब
मुझे मारने पीटने के लिए अरविंद केजरीवाल ने अपने लाडले गुंडे बिभव कुमार को बड़े-बड़े इनाम दिए हैं।
पंजाब मुख्यमंत्री के चीफ एडवाइजर का बेशकीमती पद जो कि राज्य का सबसे बड़ा प्रशासनिक पद है। पंजाब पुलिस का डीजीपी, सरकार का चीफ सेक्रेटरी अब गुंडे को रिपोर्ट कर रहे हैं। पंजाब के प्रतिभाशाली युवा देश छोड़कर जा रहे हैं और यहां गुंडों को लाखों रुपये की तनख्वाह, गाड़ियां-बंगले और नौकर चाकर दिए गए हैं।
हमारे वरिष्ठ सांसद एनडी गुप्ता को उनके सांसद कोटे के बंगले 10, फिरोजशाह रोड से निकालकर इस गुंडे को उनके घर में बसाया गया है। इस उम्र में उनसे उनका घर छीना गया। ये गुंडा इस घर में गैरकानूनी ढंग से रह रहा है।
सवाल ये है कि जिस आदमी को सुप्रीम कोर्ट तक ने गुंडा कहा, उसको बेल की शर्तों का उल्लंघन करते हुए क्यों केजरीवाल की तरफ से इतना बढ़ावा दिया जा रहा है। सोचिए कितने राज छुपे होंगे इस आदमी के पास।
मैं भगवंत मान से पूछना चाहती हूं- अगर गुंडे पंजाब सरकार चलाएंगे, तो पंजाब की महिलाएं कैसे सुरक्षित रहेंगी? आपके भी घर पर बहन बेटी हैं। एक मुख्यमंत्री को अपने आपको इस प्रकार रबर स्टाम्प नहीं बनने देना चाहिए।