पुलिस टीम पर हमला करने वाला आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ लवी
- फोटो : संवाद
गांव हांस कलां में पुलिस पार्टी पर हमला करने के आरोप में नामजद मुख्य आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ लवी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। आरोपी गंभीर मामलों में कई बार जेल की हवा खाने के बावजूद भी नहीं सुधरा आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ लवी को जेल की सलाखें भी लवी की राह नहीं बदल पाईं। साल 2020 में आपराधिक मामलों का सिलसिला शुरू हुआ, लेकिन अगले छह वर्षों में उसके खिलाफ एक के बाद एक छह मामले दर्ज हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कई बार जेल भी जा चुका है। इसके बावजूद आरोपी अपनी आदतों से बाज नहीं आया और आपराध के दलदल में धंसता चला गया जिसके चलते आरोपी पर नए आपराधिक मामले दर्ज होते रहे।
अब आरोप है कि अपराध के इसी सिलसिले के बीच उसका हौसला इस कदर बढ़ गया कि शिकायतों की जांच करने पहुंचे पुलिस कर्मचारियों से ही भिड़ गया और उनके साथ हाथापाई कर बैठा। गांव हांस कलां में पुलिस पार्टी पर हमले की इस घटना के बाद उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी चर्चा में आ गया है।थाना सदर के एसएचओ सुखविंदर सिंह के मुताबिक, रमनदीप उर्फ लवी के खिलाफ पहला मामला साल 2020 में आईपीसी की धारा 307, 336, 506 और 34 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत दर्ज हुआ था। इसके बाद साल 2023 में उसके खिलाफ लूट से संबंधित धाराओं में दो मामले दर्ज किए गए। साल 2024 और 2025 में भी उसके खिलाफ नए आपराधिक मामले दर्ज हुए। अब साल 2026 में पुलिस पार्टी पर हमले के मामले में उसका नाम सामने आया है। आरोपी के खिलाफ दर्ज सभी छह मामले थाना सदर जगराओं में ही दर्ज हैं।