शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने आगामी विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी विंगों की सक्रियता बढ़ाते हुए संगठन को मजबूती देने के लिए बूथ स्तर तक सभी पदों को फरवरी तक भरने का लक्ष्य दिया गया है। विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के मुख्य मुद्दे क्या रहेंगे, यह भी पार्टी हाईकमान ने तय कर लिया है। इसके तहत किसान, पंथक, व्यापारी और विकास के मसलों पर सबसे ज्यादा फोकस करते शिअद अपनी रणनीति को धार देगा।
हर हफ्ते चार हलकों में रैलियां करेगा शिअद
जिला अध्यक्षों व हलका प्रभारियों के साथ बैठक के बाद शिरोमणि अकाली दल ने उपाध्यक्ष डॉ. दलजीत चीमा व मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने प्रेसवार्ता कर बताया कि फरवरी से प्रदेशभर में रैलियों का दौर शुरू हो जाएगा। शिअद सुप्रीमो ने सभी जिला प्रधानों व प्रभारियों को निर्देश दे दिए हैं। हर हफ्ते चार रैलियां करने का लक्ष्य रखा है। यह रैलियां सभी 117 हलकों में होंगी। चीमा ने कहा कि सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं। 328 स्वरूपों के गुम होने के मुद्दे पर उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मसले पर सिर्फ राजनीति हो रही है। सरकार बिना वजह एसजीपीसी से टकराव पैदा कर रही है।
मुख्यमंत्री सेहत योजना पर सवाल खड़े करते हुए चीमा ने कहा कि इस योजना के जरिये लोगों को सिर्फ गुमराह किया जा रहा है क्योंकि इस योजना का लाभ देने के लिए सही मायनों में एक बड़े बजट की आवश्यकता है जो कि सरकार के पास उपलब्ध नहीं है।
भाजपा-शिअद के बीच गठबंधन पर उन्होंने कहा कि अकाली दल अभी हर जिले में अपना संगठन मजबूत कर रहा है। पहले संगठन मजबूत हो जाए उसके बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं की जो राय होगी उसके तहत आगे फैसला लिया जाएगा।