इस साल गणतंत्र दिवस पर पंजाब का राज्यस्तरीय समारोह लुधियाना में आयोजित होगा। यहां पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान फरीदकोट में गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे।
मंगलवार को सरकार की तरफ से समारोह का पूरा प्लान जारी किया गया है। इसके अनुसार विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां मोहाली और डिप्टी स्पीकर जय किशन रोड़ी रूपनगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसी तरह वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा संगरूर, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा जालंधर, सामाजिक न्याय और सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर बरनाला, एनआरआई मामलों और प्रशासनिक सुधार मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल गुरदासपुर, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह मोगा, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां बठिंडा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद श्री मुक्तसर साहिब और परिवहन एवं जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर फाजिल्का में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस होशियारपुर, ऊर्जा और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह फिरोजपुर, जल संसाधन, खान एवं भूविज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल पटियाला, पर्यटन और सांस्कृतिक मामले मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद अमृतसर, स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह मलेरकोटला, कृषि एवं पशुपालन मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां तरनतारन और बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत शहीद भगत सिंह नगर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म अदा करेंगे।
27 जनवरी तक पुलिस मुलाजिमों की छुट्टियां रद्द
पंजाब पुलिस ने गणतंत्र दिवस के चलते 27 जनवरी तक सभी पुलिस मुलाजिमों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। पंजाब पुलिस की तरफ से इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी कर दिए गए। प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति के चलते यह फैसला लिया गया है, ताकि 26 जनवरी पर सुरक्षा व्यवस्था के पूरे बंदोबस्त करने में विभाग को कोई परेशानी का सामना न करना पड़े। विभाग के अनुसार पंजाब पुलिस 24 घंटे सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेगी।