पंजाब कांग्रेस की रार पर राहुल गांधी ने बुलाई बैठक
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
पंजाब कांग्रेस में बगावत के बीच बड़ी खबर आई है। राहुल गांधी ने बागी गुट को 16 और 17 जुलाई को दिल्ली में बैठक के लिए बुलाया है।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने सोमवार को पंजाब में बागी गुट की रिपोर्ट हाईकमान को साैंपी थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए हाईकमान ने मंगलवार को बैठक बुलाई। इसमें राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पंजाब कांग्रेस की माैजूदा स्थिति पर चर्चा की।
बैठक में बागी गुट के नेताओं को दिल्ली तलब करने का निर्णय लिया गया। हाईकमान विधानसभा चुनाव से पहले इस विवाद को निपटाना चाहता है ताकि इसका प्रतिकूल असर पार्टी की चुनावी तैयारियों पर न पड़े।
छह दिन नेताओं से मिले थे बघेल
छह जुलाई को इसी विवाद को निपटाने हाईकमान ने प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल को चंडीगढ़ भेजा था। बघेल 11 जुलाई तक चंडीगढ़ में रहे और इस दाैरान उन्होंने पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी समेत सभी नाराज नेताओं से ब्रेकफास्ट, लंच और डिनर पर मुलाकात की। कई नेताओं से वन टू वन बात की।
इसके बाद बघेल लाैट गए और उन्होंने पूरी स्थिति से हाईकमान को अवगत करवा दिया था। राहुल गांधी के बुलावे के बाद बागी गुट के नेता अब सक्रिय हो गए हैं। वे भी राहुल के समक्ष अपनी पूरी बात रखने की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके लिए जल्द ही बैठक का आयोजन करेंगे।