सबूत श्री अकाल तख्त के सामने रखेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि कथित वीडियो कनाडा के एक होटल में बनाई गई जबकि वह वर्ष 2016 के बाद कभी कनाडा नहीं गए। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में मास्क स्पष्ट दिखाई देता है और उनकी गर्दन पर ऑपरेशन का निशान भी नजर नहीं आता। फर्जी वीडियो बनाने वालों की पहचान हो चुकी है। जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले के सबूत श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष भी रखे जाएंगे।
पंथक बहिष्कार करवाने की साजिश
मान ने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी विकास और जनहित के मुद्दों पर उनका मुकाबला नहीं कर पा रहे इसलिए उनका पंथक बहिष्कार करवाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बेअदबी के खिलाफ सख्त कानून बनाया, पालकी साहिब ले जाने वाले वाहनों का टैक्स माफ किया, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर विशेष विधानसभा सत्र बुलाया और तीन तख्त साहिब वाले शहरों को पवित्र शहर का दर्जा दिया। विपक्ष इन कार्यों का जवाब नहीं दे पा रहा है।
1984 की याद दिलाकर विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस, भाजपा और शिअद पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल मिलकर झूठी वीडियो के जरिए उन्हें निशाना बना रहे हैं। कांग्रेस को 1984 की घटनाओं की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि अकाल तख्त को नुकसान पहुंचाने की जिम्मेदारी किसकी थी, यह सब जानते हैं। वहीं शिअद को बेअदबी की घटनाओं और भाजपा को ऑपरेशन ब्लू स्टार के संदर्भ में घेरा। उन्होंने कहा कि अब सच और झूठ का फैसला गुरु नानक नाम लेवा संगत पर छोड़ते हैं।
आईपीएस अधिकारियों के गुरुग्राम जाने के आरोप भी झूठे
मुख्यमंत्री ने दो आईपीएस अधिकारियों के गुरुग्राम जाने संबंधी आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि एजेंसियों के माध्यम से किसी से भी कुछ कहलवाया जा सकता है। जब भी सरकार सबूत पेश करती है तब नए आरोप लगाकर ध्यान भटकाने की कोशिश की जाती है। इस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है और नए सबूत भी जांच एजेंसियों को सौंपे जाएंगे।