जालंधर में बसों की हड़ताल के चलते यात्री परेशान।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
पटियाला में मांगों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे रोडवेज कर्मचारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को धरना स्थल से खदेड़ दिया। इस घटना को लेकर शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने आप सरकार को घेरा है। सुखबीर बादल ने कहा कि भगवंत मान के पुलिस को आदेश दिए हैं कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करो। इसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं। इस लाठीचार्ज के दौरान सिख कर्मचारियों की पगड़ी और टोपी की भी बेअदबी हुई, जिसके लिए दोषी पुलिस अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। बड़े-बड़े झूठ बोलकर 2022 में सत्ता में आई आम आदमी पार्टी लगभग चार साल बाद भी अपना कोई भी वादा पूरा नहीं कर पाई है, जिसके कारण आज पंजाब का हर वर्ग दुखी है और सड़कों पर उतर आया है। शिरोमणि अकाली दल उनके संघर्ष का पूरा समर्थन करता है।
मोगा में धरना देते कर्मचारी।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
मोगा में पीआरटीसी और पनबस कर्मियों ने बस स्टैंड बंद कर किया प्रदर्शन
पीआरटीसी और पनबस के कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की लंबे समय से चल रही मांगों को लेकर आज पूरे पंजाब में विरोध प्रदर्शन किए जाए रहे हैं। सभी बस स्टैंड बंद कर दिए गए हैं। प्रदर्शन से पहले ही विभिन्न जिलों में यूनियन के नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मोगा में भी यूनियन केई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मोगा में बस स्टैंड को बंद कर कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार द्वारा लागू की जा रही किलोमीटर स्कीम उनके हितों के खिलाफ है। आज इसी स्कीम का टेंडर खुलना था। कर्मचारियों के अनुसार पंजाब के 32 डिपो में दो घंटे के रोष-प्रदर्शन का निर्णय पहले ही ले लिया गया था, लेकिन सरकार ने बीते दिन शाम को यूनियन नेताओं को डिटेन कर लिया, जबकि कुछ को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया। कर्मचारियों ने मांग की है कि सरकार तुरंत किलोमीटर स्कीम को रद्द करे और यूनियन नेताओं को रिहा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो संघर्ष और तेज किया जाएगा।
पानी की टंकी पर चढ़े कर्मचारी।
- फोटो : संवाद
बठिंडा में पानी की टंकी पर चढ़े पीआरटीसी और पनबस कर्मचारी
बठिंडा में पीआरटीसी और पनबस ठेका कर्मियों ने किलोमीटर स्कीम का विरोध करते हुए चक्का जाम कर दिया है। जब पुलिस ने यूनियन नेताओं को हिरासत में ले लिया तो गुस्साए ठेका कर्मी पेट्रोल की बोतलें लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए। दूसरी पुलिस प्रशासन उक्त टंकी पर चढ़े कर्मियों को उतरने का प्रयास किया। लेकिन वो मानने को तैयार नहीं हैं।
किलोमीटर स्कीम से रोडवेज कर्मियों को नुकसान
पूरे पंजाब में पनबस कर्मचारियों की तरफ से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। होशियापुर में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वीरवार रात उनके नेताओं को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया और कई नेताओं को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। आप सरकार भी पूरानी सरकारों की नीतियों पर चल पड़ी है। एक तो भगवंत मान किलोमीटर स्कीम ला रहे हैं, जो पंजाब के लोगों के लिए बहुत घातक साबित होगी। उन्होंने कहा कि किलोमीटर स्कीम से लोगों, खासकर रोडवेज कर्मचारियों को बहुत नुकसान होगा। आप को सत्ता में लाने में रोडवेज कर्मियों का बड़ा योगदान है। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि भगवंत मान मुख्यमंत्री बनते ही अपने वादों से मुकर जाएंगे। ट्रांसपोर्ट मंत्री और पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ कई मीटिंग तय होने के बाद भी मीटिंग नहीं हुईं। उन्होंने कहा कि अगर उनके कर्मचारियों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो यह धरना अनिश्चित समय तक जारी रहेगा।
पठानकोट मे पनबस कर्मियों का प्रदर्शन, बस सेवा ठप
पठानकोट में भी पीआरटीसी और पनबस कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन किया। सरकारी बसों के पहिए थमने से पठानकोट से जालंधर और अमृतसर सहित चंडीगढ़ व जम्मू जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने कहा कि सरकार को इनकी मांगों पर फैसला लेना चाहिए ताकि आए दिन यात्रियों को जो परेशानियां पेश आती है उनका सामना न करना पड़े।
पनबस यूनियन नेता सोनू सैनी ने कहा कि भगवंत मान सरकार पूरी तरह से नादिरशाह रवैया अपना रही है। आप सरकार ने रोडवेज में ठेका स्कीम बंद करने की बात कही थी लेकिन वह पिछली सरकारों के पैटर्न पर उतर आई है। इसका वह पहले भी विरोध करते थे अब भी करेंगे। किलोमीटर स्कीम के विरोध के चलते उनके सभी नेताओं को नजरबंद कर दिया है, जिसके रोष स्वरूप आज वह ऐसे कदम उठाने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने चेताया कि वह रोडवेज में किसी भी कीमत पर किलोमीटर स्कीम को लागू नहीं होने देंगे, भले ही इसके लिए उन्हें किसी भी प्रकार का बलिदान देना पड़े।