नडाला-बेगोवाल सड़क पर तलवंडी कूका अड्डे के पास शनिवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान तलवंडी कूका निवासी जरनैल सिंह पुत्र वरियाम सिंह के रूप में हुई है।
तलवंडी कूका निवासी अमरजीत सिंह ने बताया कि उसके चाचा जरनैल सिंह (65) अपनी बेटी अमनप्रीत कौर के साथ बाइक नंबर पीबी-09-के-8872 पर सवार होकर नडाला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नडाला की तरफ से आ रहे बाइक नंबर पीबी-21-एफ-8117 पर सवार दो युवकों सोमा और वंश (उम्र करीब 18 से 20 वर्ष), निवासी सलेमपुर (होशियारपुर), के साथ उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जरनैल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी अमनप्रीत कौर समेत दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक घायल हो गए। परिवार ने आरोप लगाया कि दूसरे बाइक पर सवार युवक कथित तौर पर नशे की हालत में थे। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।