तरनतारन शहर में शुक्रवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब माता के जागरण की तैयारियों में जुटे युवकों पर दो बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस वारदात में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने के चलते उसे अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, इलाके में माता के जागरण को लेकर युवक सेवा कार्यों और अन्य तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने वहां मौजूद युवकों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोलियां लगने से चार युवक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें सुखासन नामक युवक ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी तरनतारन की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतक के परिजनों ने अमृतसर रोड स्थित सिविल अस्पताल के मुख्य गेट के सामने शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे परिजनों ने आरोप लगाया कि वे पहले भी पुलिस के पास शिकायतें लेकर जाते रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो आज उनके घर का युवक जिंदा होता। उन्होंने मांग की कि वारदात में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सिविल अस्पताल के सरकारी डॉक्टर ने बताया कि गोली लगने से घायल युवकों को अस्पताल लाया गया था। एक युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे अमृतसर रेफर किया गया है।