गुडबाय... स्पेशली मम्मा-पापा...
एमबीबीएस चौथे वर्ष के छात्र करण के बैग से एक नया रजिस्टर भी बरामद हुआ। उसके पहले पन्ने पर उसने अंग्रेजी में लिखा था, आई हैव पुश्ड अवे अ लॉट ऑफ पीपल हू केयर अबाउट मी... आई वुड लाइक टू अपोलोजाइज़ टू ईच एंड एवरी वन... गुडबाय... स्पेशली मम्मा-पापा... पुलिस ने इस लिखावट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि यह नोट करण ने ही लिखा था। करण अपने पीछे ऐसा दर्द छोड़ गया जिसे पढ़कर परिजन ही नहीं, जांच अधिकारी भी भावुक हो उठे।
अब और सहन नहीं हो रहा
जांच में यह भी सामने आया कि घटना से एक दिन पहले करण ने अपने एक दोस्त से फीफा वर्ल्ड कप को लेकर सामान्य बातचीत की थी। वहीं घटना से पहले उसने अपने पांच दोस्तों को व्हाट्सएप संदेश भी भेजे। एक दोस्त को उसने लिखा कि यहां बहुत तनाव है... बाहर चला जाता तो बेहतर रहता... अब और सहन नहीं हो रहा। पुलिस इन संदेशों, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।
वीरवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पोस्टमार्टम के बाद करण का शव परिजनों को सौंप दिया गया। विदेश में रह रहे परिवार के सदस्य भी चंडीगढ़ पहुंच चुके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
डीएसपी गुरजीत कौर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।