नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2025 का रिजल्ट शनिवार को आधिकारिक रूप से घोषित किया है। नतीजों के साथ टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी गई है। इस साल नीट यूजी में करीब 20.8 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था।
पंजाब के बरनाला के तपा के रहने वाले केशव मित्तल ने नीट की परीक्षा में देश में सातवां स्थान हासिल करते हुए पंजाब टॉप किया है। केशव ने डीएम पब्लिक स्कूल कराड़वाला से 12वीं में 98 फीसदी अंकों के साथ टॉप किया था। इसके बाद उन्होंने चंडीगढ़ एलन इंस्टीट्यूट से नीट की तैयारी की।
केशव ने बताया कि उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए 10-12 घंटे पढ़ाई की। केशव ने कहा कि वह ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एम्स से एमबीबीएस करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने पिता डॉक्टर प्रबोध मित्तल, माता सुनीता मित्तल को दिया। साथ ही कहा कि उनके स्वर्गीय दादा अर्जन दास मित्तल और दादी शारदा मित्तल के आशीर्वाद से ही उन्हें सफलता हासिल हुई है। इस उपलब्धि पर नगर कौसल तपा की अध्यक्ष सोनिका बंसल और अग्रवाल सभा तपा के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी परिवार को बधाई दी।