पंजाब में हैवानियत के दो मामले सामने आए हैं। मोहली में रील बनाने के लिए एक युवती को बुलाया। आरोपियों ने कोठी में ले जाकर युवती को शराब पिलाई फिर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि कपड़े उतारकर तीन घंटे कार में घुमाते रहे। वहीं, दूसरे मामले में लुधियाना में युवती को घर में बुला की मारपीट की गई और सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
मोहाली में रील बनाने के बहाने एक युवती को कोठी में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले युवती को शराब भी पिलाई। इसके बाद आरोपी उसको कार में लेकर गए। इस दौरान कार में कपड़े उतारकर तीन घंटे तक उसकी पिटाई करते रहे।
विज्ञापन
शौचालय जाने का बहाना कर युवती ने कार रुकवाई। इसके बाद वहां से भागकर एक कैफे की शरण ली। युवती का कहना है कि परिचित होने की वजह से वह युवक शुभी के साथ कोठी में गई थी। वहां पहले से अनुराग ठाकुर और गुरदीप सिंह भी मौजूद थे।
वारदात 24 नवंबर की है। थाना बलौंगी पुलिस ने मामला दर्ज कर किया है। 16 दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। युवती का आरोप है कि इस दौरान एक पुलिस कर्मचारी ने समझौता करने का दबाव भी बनाया।
विज्ञापन
युवती का कहना है कि कार से उतरने के बाद कैफे वाली महिला ने उसे अपने पास रखा। तबीयत ठीक होने के बाद सुबह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने आरोप है कि थाना बलौंगी में मौजूद एक मुलाजिम ने उसके साथ बदसलूकी भी की। तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को पहले निजी अस्पताल और फिर सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
मामला दर्ज है। आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस लगातार छापा मार रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा। मुलाजिम ने समझौते का दबाव बनाया इसकी जानकारी मुझे नहीं है। - पैरी विंकल, एसएचओ, थाना बलौंगी
दूसरा मामला: युवती को घर में बुला की मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म
वहीं, एक दूसरे मामले में लुधियाना के शिमलापुरी के बसंत एवेन्यू सतजोत नगर इलाके में दो भाइयों सहित तीन युवकों ने युवती को घर बुलाया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपियों ने युवती के साथ मारपीट की और उसे धमकियां दी कि अगर वह किसी को इसके बारे में बताएगी तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। इसके बाद डरी सहमी युवती हरियाणा के फरीदाबाद अपने परिवार वालों के पास चली गई। वहां उसने यह सारी जानकारी परिवार को दी।
इसके बाद उन्होंने हरियाणा पुलिस से संपर्क किया। फरीदाबाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तरनपाल सिंह मोंगा, उसके भाई दविंदरपाल सिंह मोंगा और गुरकरण सिंह के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर लुधियाना पुलिस को भेज दी। थाना शिमलापुरी पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। हालांकि यह वारदात सितंबर महीने की बताई जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पीड़िता ने पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक वह आरोपियों को पहले से किसी के जरिये जानती थी। आरोपियों ने उसे घर मिलने के लिए बुलाया। वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। जिसके बाद आरोपियों ने उसे धमकियां दी और वहां से मारपीट कर भगा दिया। उसने पुलिस के पास शिकायत करने की सोची लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाई और फरीदाबाद परिवार के पास चले गई।
परिवार को सारी जानकारी दी तो उन्होंने वहां पुलिस के पास संपर्क कर मामला दर्ज कराया। जांच अधिकारी सलविंदर पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई जाएगी। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।