मोगा में दुकान के बाहर चार से पांच युवक बैठे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो में आए लोगों ने उन पर गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि एक युवक के सिर, दो के पेट और एक की बाजू में गोली लगी। एक अन्य युवक छर्रे लगने से घायल हुआ। मृतकों की पहचान 30 साल के गगन जिंदल और 40 साल के साहिल जिंदल के रूप में हुई है।
मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम ताबड़तोड़ फायरिंग में दो युवकों की माैत के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल सोमनाथ जिंदल के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम अंगदपुरा मोहल्ले में कुछ युवक दुकान के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने अचानक युवकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से कई युवक घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान साहिल जिंदल और गगन जिंदल की मौत हो गई। दोनों मृतक आपस में चचेरे भाई थे, जबकि राघव और सोमनाथ जिंदल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मोगा के एसएसपी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की गतिविधियों और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने घायल सोमनाथ जिंदल के बयान के आधार पर थाना सिटी साउथ, मोगा में मामला दर्ज किया है। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और अन्य आरोपियों की तलाश में जांच जारी है।
सोमवार सुबह पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और आईजी फरीदकोट रेंज नीलांबरी जगदाले विजय अंगदपुरा मोहल्ले में घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतकों के परिवार से मुलाकात कर उन्हें इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि रविवार देर शाम काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार हमलावरों ने युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। उन्होंने बताया कि घायल सोमनाथ जिंदल के बयान पर मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतकों के चचेरे भाई मनीष जिंदल ने बताया कि वारदात के समय दुकान के बाहर पांच युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान काले शीशों वाली स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी और उसमें सवार लोगों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है और हमलावर अचानक आए और गोलियां चलाकर फरार हो गए। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
परिवार की ओर से बताया गया कि नवंबर 2023 में भी उनके एक अन्य चचेरे भाई विकास जिंदल की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। परिवार को आशंका है कि मौजूदा वारदात के पीछे भी उसी रंजिश से जुड़े लोग हो सकते हैं। हालांकि, इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक साहिल जिंदल के खिलाफ पहले से करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस अब वारदात के पीछे की वजह, आरोपियों की भूमिका और संभावित पुरानी रंजिश की कड़ियों की जांच कर रही है।