कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा इस बार पंजाब की जनता कांग्रेस को एक और मौका देने जा रही है।
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मुलाकात की। उन्होंने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नेता प्रतिपक्ष को जानकारी दी। बैठक के बाद बाजवा ने कहा कि पंजाब और कांग्रेस पार्टी के भविष्य को लेकर इस बैठक में विस्तृत चर्चा हुई है।
विज्ञापन
पंजाब की जनता कांग्रेस को इस बार देगी मौका: बाजवा
बाजवा ने कहा यह बैठक सफल रही। हमने पंजाब और कांग्रेस पार्टी की बेहतरी को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा राहुल गांधी को जो सही लगता है उसी हिसाब से कांग्रेस पार्टी पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। पंजाब की जनता कांग्रेस को एक और मौका देने के लिए तैयार है और अब पार्टी को इस अवसर का सही उपयोग करना होगा।
कांग्रेस की जीत का किया दावा
उन्होंने कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने 8 सीटें जीती थीं, जिनमें एक सीट चंडीगढ़ और सात सीटें पंजाब की थीं। बाजवा ने कहा कांग्रेस अगर 2024 के लोकसभा चुनाव में 14 में से 8 संसदीय सीटें जीत सकती है, तो अब विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन क्यों नहीं कर सकती? बाजवा ने कहा भगवान का आशीर्वाद रहा तो मेरे अनुसार कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में 70 से 80 सीटें जीत सकती है।