बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों से जुड़े मामलों और दुष्कर्म के के मामलों में पंजाब की दोषसिद्धि की दर देश में सबसे आगे है। वहीं विशेष पोक्सो अदालतों में मामलों के कुल निपटारे की संख्या के मामले में हरियाणा बेहतर है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
दुष्कर्म और बच्चों के खिलाफ यौन अपराधों से जुड़े मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के मामले में पंजाब ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, हरियाणा तीसरे स्थान पर है।
विज्ञापन
फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों के प्रदर्शन से जुड़े केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, दोषसिद्धि दर में पंजाब ने हरियाणा को पीछे छोड़ दिया है जबकि मुकदमों के निपटारे की रफ्तार में हरियाणा आगे है।
दोनों राज्यों में राष्ट्रीय औसत के मुकाबले काफी जल्दी फैसले हो रहे हैं। हालांकि एक मामले के निपटारे में अब भी डेढ़ साल से अधिक का समय लग रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, फास्ट ट्रैक विशेष अदालतों में दुष्कर्म और पोक्सो मामलों की संयुक्त दोषसिद्धि दर पंजाब में 47.19 प्रतिशत रही। इसके साथ पंजाब देश में पहले स्थान पर रहा। मेघालय 45 प्रतिशत के साथ दूसरे और हरियाणा 40.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। इस तरह पंजाब की दोषसिद्धि दर हरियाणा से 6.69 प्रतिशत अंक अधिक रही।
विज्ञापन
मुकदमों के निपटारे में हरियाणा 15 दिन आगे
मुकदमों के निपटारे की अवधि में हरियाणा की स्थिति पंजाब से बेहतर है। वर्ष 2024 में एक मुकदमे का फैसला करने में हरियाणा की अदालतों को औसतन 575 दिन लगे जबकि पंजाब में 590 दिन। यानी हरियाणा में मुकदमों का निपटारा 15 दिन पहले हो रहा है। राष्ट्रीय औसत करीब 770 दिन है। इसके मुकाबले हरियाणा में 195 और पंजाब में 180 दिन पहले फैसला हो रहा है।
विशेष पोक्सो अदालतों में हरियाणा ने निपटाए दोगुने से ज्यादा मामले
विशेष पोक्सो अदालतों के संचयी प्रदर्शन में हरियाणा पंजाब से काफी आगे है। 31 मार्च 2025 तक हरियाणा में इन अदालतों ने 5,833 मामलों का निपटारा किया जबकि पंजाब में 2,412 मामले निपटाए गए। इस अवधि में देशभर में कुल 2,05,211 मामलों का निपटारा हुआ। ये आंकड़े विशेष अदालतों की योजना शुरू होने से लेकर मार्च 2025 तक के हैं, न कि केवल एक साल के।