हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के पदाधिकारियों और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच मंगलवार को अहम बैठक निर्धारित की गई है। यह बैठक हरियाणा सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सुबह 11:30 बजे उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन
शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार राज्य विद्यालय अध्यापक संघ के प्रदेशाध्यक्ष को बैठक में उपस्थित होने के लिए आमंत्रित किया गया है। बैठक का उद्देश्य संघ के लंबित मुद्दों, शिक्षकों से संबंधित प्रशासनिक व सेवा मामलों, और विभागीय नीतियों पर सार्थक चर्चा करना बताया जा रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बैठक में निदेशक, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन), संयुक्त निदेशक (प्रशासन) व (एमएसएस) सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। वहीं विभाग ने केयरटेकर को अधिकारियों और संघ पदाधिकारियों के लिए जलपान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
शिक्षा जगत में इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि अध्यापक संघ लंबे समय से अपने विभिन्न मांगपत्रों व सेवा-संबंधी मुद्दों पर विभाग से संवाद की प्रतीक्षा कर रहा था।