बठिंडा के गांव बुर्ज गिल का सुखमनदीप साढ़े तीन साल पहले कनाडा गया था। उसे बाहर भेजने के लिए परिवार ने अपनी 8 कनाल पुश्तैनी जमीन गिरवी रखी थी। अब उसकी माैत से परिवार गहरे सदमे में है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत स्थित प्रिंस जॉर्ज शहर में रहने वाले बठिंडा के 23 वर्षीय युवक सुखमनदीप सिंह ने मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली।
विज्ञापन
सुखमनदीप बठिंडा जिले के गांव बुर्ज गिल का रहने वाला था। माता-पिता ने करीब साढ़े तीन साल पहले अपनी 8 कनाल पुश्तैनी जमीन गिरवी रखकर उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए कनाडा भेजा था।
विज्ञापन
सुसाइड करने से महज दो दिन पहले ही सुखमनदीप ने फोन पर अपने माता-पिता से बात की थी और गांव में बन रहे नए मकान के निर्माण कार्य के लिए पैसे भी भेजे थे। अब बेटे की मौत की खबर के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
रो-रोकर मां की आंखें पथराई
बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद से गांव बुर्ज गिल की गलियों में सन्नाटा है। पिता बलौर सिंह के घर के बाहर सांत्वना देने वालों की भीड़ जुटी है, लेकिन भीतर से सिर्फ सिसकियों की आवाज आ रही है। घर के मुख्य दरवाजे पर जैसे ही किसी के कदमों की आहट होती है, मां रंजीत कौर और पिता बलौर सिंह की पथराई आंखों में एक पल के लिए उम्मीद की चमक लौट आती है। उन्हें लगता है कि शायद उनका इकलौता बेटा वापस आ गया है, लेकिन अगले ही पल हकीकत का एहसास होते ही चीख-पुकार मच जाती है। दो दिन से रो-रोकर मां के आंसू तक सूख चुके हैं, वहीं पिता बलौर सिंह कलेजे पर पत्थर रखकर पत्नी को संभालने में जुटे हैं।
अधूरा रह गया पक्के घर और जमीन छुड़ाने का सपना
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पिता बलौर सिंह ने बेटे को विदेश भेजने के लिए अपनी करीब 8 कनाल पुश्तैनी जमीन गिरवी रखी थी। सुखमनदीप ने भी कनाडा जाकर जी-तोड़ मेहनत की। करीब डेढ़ साल पहले पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वर्क परमिट पर काम कर रहा था। जब बेटे की कमाई घर आने लगी, तो परिवार ने गांव में अपने पुराने घर का पुनर्निर्माण शुरू करवाया। रिश्तेदारों के मुताबिक, मकान का काम बिना किसी रुकावट के चलता रहे, इसके लिए सुखमनदीप ने हाल ही में पिता को पैसे भेजे थे। परिवार को उम्मीद थी कि अब उनके दिन फिरने वाले हैं और जल्द ही गिरवी रखी जमीन भी छूट जाएगी, लेकिन सारे सपने चकनाचूर हो गए।
15 नवंबर को हुई थी आखिरी बात, 17 को पुलिस ने दी मौत की खबर
करीबी रिश्तेदारों ने बताया कि 15 नवंबर को सुखमनदीप ने अपनी मां रंजीत कौर को फोन किया था। उसने बड़े प्यार से पूरे परिवार का हालचाल पूछा और घर के निर्माण कार्य की जानकारी ली। बातचीत के दौरान कहीं से भी ऐसा नहीं लगा कि वह किसी मानसिक तनाव में है। फोन पर बात होने के दो दिन बाद, 17 नवंबर की शाम थाना फूल की पुलिस बलौर सिंह के घर पहुंची और कनाडा में सुखमनदीप द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी दी। जिस घर में कुछ समय बाद नए मकान की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां पल भर में मातम पसर गया।
कनाडा पुलिस ने ईमेल के जरिए दी सूचना
थाना फूल के प्रभारी (एसएचओ) सतवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 17 नवंबर को कनाडा पुलिस की ओर से पंजाब पुलिस को एक आधिकारिक ईमेल प्राप्त हुआ था। इसमें गांव बुर्ज गिल निवासी सुखमनदीप सिंह पुत्र बलौर सिंह द्वारा प्रिंस जॉर्ज शहर में आत्महत्या किए जाने की सूचना दी गई थी। ईमेल मिलते ही पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर परिजनों को इस दुखद घटना से अवगत कराया।
शव भारत लाने के लिए परिवार के पास पैसे नहीं, सरकार से लगाई गुहार
अब इस बेबस परिवार के सामने सबसे बड़ा संकट अपने इकलौते बेटे के अंतिम दर्शन करने का है। पहले ही जमीन गिरवी रखकर कर्ज के बोझ तले दबे पिता बलौर सिंह की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे कनाडा से बेटे का पार्थिव शरीर भारत मंगवा सकें। ग्रामीणों और ग्राम पंचायत ने पंजाब व केंद्र सरकार से गुहार लगाई है कि सुखमनदीप के शव को जल्द से जल्द गांव लाने के लिए परिवार की आर्थिक मदद की जाए। इस घटना ने एक बार फिर विदेशों में पढ़ रहे और काम कर रहे पंजाबी युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।