अबोहर में दीपावली की पूर्व संध्या पर लक्कड़ मंडी स्थित सोम हार्डवेयर की दुकान में शनिवार रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से उठती आग की ऊंची लपटों के कारण बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दुकान में लकड़ी से संबंधित सामान का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। इससे आसपास की दुकानों के भी आग की चपेट में आने का खतरा पैदा हो गया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग बुझाने के साथ-साथ इसे दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने के प्रयास किए।
इस घटना में दुकान के अंदर रखे सामान के भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। अबोहर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश सतीजा भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। देर रात कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन रविवार सुबह तक भी दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है।