गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पंजाब के थाने से हुए इंटरव्यू मामले में सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से गठित स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) की रिपोर्ट पर गृह विभाग के प्रमुख सचिव गुरकीरत किरपाल सिंह ने इन सातों अधिकारियों व कर्मचारियों को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। इनमें दो डीएसपी, तीन सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई और हेड कांस्टेबल शामिल हैं। इन सातों आरोपियों को अगले आदेश तक हेडक्वार्टर छोड़ने के लिए मना किया गया है।
मूसवाला हत्याकांड और मिड्डूखेड़ा की हत्या पर बोला था लॉरेंस
लॉरेंस का पहला इंटरव्यू 14 मार्च, 2023 को प्रसारित हुआ था। इसमें लॉरेंस ने सिद्धू मूसेवाला का कत्ल करवाने की बात कबूली थी। लॉरेंस का कहना था कि मूसेवाला गायकी के बजाय गैंगवार में घुस रहा था। उसके कॉलेज फ्रेंड अकाली नेता विक्की मिड्डूखेड़ा के कत्ल में भी मूसेवाला का हाथ था, इसलिए उसे मरवाया। एसआईटी रिपोर्ट के मुताबिक ये वही इंटरव्यू है, जो उसने सीआईए की कस्टडी में दिया था। दूसरा इंटरव्यू राजस्थान की जयपुर स्थित सेंट्रल जेल में हुआ था, लॉरेंस ने अपने दूसरे इंटरव्यू में जेल के अंदर से इंटरव्यू देने का सबूत भी दिया था। उसने अपनी बैरक भी दिखाई और बताया कि उसे बाहर नहीं जाने दिया जाता, लेकिन मोबाइल भी उसके पास आ जाता है और सिग्नल भी। लॉरेंस ने अपने इंटरव्यू में कहा कि रात के समय जेल के गार्ड बहुत कम आते-जाते हैं, इसीलिए वह रात को कॉल कर लेता है।