पंजाब के जालंधर में कुल्हड़ पिज्जा कपल सहज अरोड़ा उर्फ साजन मनचंदा और गुरप्रीत कौर को पुलिस की सुरक्षा मिल गई है। कुल्हड़ पिज्जा कपल ने अपनी सुरक्षा को लेकर पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाई कोर्ट ने जालंधर के एसपी को कपल को सुरक्षा दिए जाने का आदेश दिया था।
बुधवार को कुल्हड़ पिज्जा कपल की सुरक्षा की मांग वाली याचिका पर जालंधर के एसपी ने हाई कोर्ट को बताया कि दंपती की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा उनके घर व रेस्टोरेंट की पैट्रोलिग के एक लिए एक पीसीआर लगाई गई है। दोनों पर खतरे का भी आकलन किया जा रहा, उसके बाद ही आगे निर्णय लिया जाएगा।
कुल्हड़ पिज्जा कपल ने निहंग मान सिंह के विरोध के कारण हाईकोर्ट का रुख कर अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने सुरक्षा की मांग करते हुए कहा था कि उनकी जान को खतरा है। कुछ दिन पहले निहंगों ने उसके रेस्टोरेंट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान निहंगों ने कहा था कि कुल्हड़ पिज्जा कपल द्वारा वायरल हुई अश्लील वीडियो को लेकर बच्चों पर गलत असर हो रहा है।
वीडियो डिलीट करने के लिए कहा था
कुछ दिन पहले निहंग सिंहों ने कहा था कि अभी भी सहज अरोड़ा पगड़ी पहनकर पत्नी के साथ वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। उन्होंने मांग की थी कि सहज अरोड़ा पगड़ी वापस करें और उनके जो भी वीडियो हैं, उन्हें डिलीट करें। निहंग सिंहों ने थाना डिवीजन नंबर 4 की पुलिस को शिकायत देते हुए कहा था कि डेढ़ वर्ष पहले भी दंपती का आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में उन्होंने शिकायत भी की थी। पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि दंपती को दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध करवाए गए हैं।
अब गैंगस्टरों से मिल रही धमकियां
वहीं कुल्हड़ पिज्जा कपल के वकील ने हाईकोर्ट को बताया पिछले दो हफ्तों से उन्हें अब कुछ गैंगस्टर से धमकियां मिल रही हैं। अगली सुनवाई पर हाईकोर्ट को वो लिखित में इसकी पूरी जानकारी दे देंगे। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार द्वारा दी जानकारी के बाद सुनवाई 20 जनवरी के लिए की स्थगित कर दी।