पंजाब के तरनतारन के थाना सरहाली के गांव खारा निवासी गुरतेज सिंह ने कनाडा में रहने वाली पत्नी अर्श कौर, ससुर दलविंदर सिंह, सास राजविंदर कौर निवासी खवासपुर के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दी है।
पति ने पत्नी को विदेश भेजने के लिए जमीन गिरवी रख लाखों रुपये का लोन लिया। पत्नी का कनाडा का वीजा लगवाया और उसे विदेश भेज दिया। विदेश पहुंचते ही पत्नी ने अपने असली रंग दिखाया और पति को धोखा देते हुए उसे कनाडा बुलाने से साफ मना कर दिया। इतना ही नहीं पत्नी ने पति को नंबर भी ब्लॉक कर दिया और बात करने से मना कर दिया। पति के साथ लिए सात फेरे भी उसे याद नहीं हैं।
विज्ञापन
घटना पंजाब के तरनतारन की है। इस धोखाधड़ी से आहत पति ने पत्नी अर्श कौर और उसके माता व पिता के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाया है। पंजाब में ऐसी पहली घटना नहीं है, बल्कि ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
थाना सरहाली के गांव खारा निवासी गुरतेज सिंह ने कनाडा में रहने वाली पत्नी अर्श कौर, ससुर दलविंदर सिंह, सास राजविंदर कौर निवासी खवासपुर के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दी है। एसपी की जांच रिपोर्ट के बाद थाना सरहाली में तीनों को नामजद कर लिया गया। किसान सुरजीत सिंह के बेटे गुरतेज सिंह ने 28 मई को डीआइजी को दी शिकायत में बताया था कि थाना गोइंदवाल साहिब के गांव खवासपुर निवासी दलविंदर सिंह की बेटी अर्श कौर के साथ उसका विवाह हुआ।
विज्ञापन
शादी के बाद अर्श कौर ने कनाडा जाने की इच्छा जाहिर करते बताया कि वह आइलेट्स कर चुकी है और कनाडा जाना चाहती है। कनाडा जाकर वह पति गुरतेज सिंह को भी वहां बुला लेगी। गुरतेज सिंह ने जमीन गिरवी रख 27 लाख रुपये खर्च करके पत्नी का कनाडा का वीजा लगवाया। कनाडा पहुंचते ही पत्नी ने अपने पति को वहां बुलाने के बजाय उससे नाता तोड़ दिया।
ससुर दलविंदर सिंह व सास राजविंदर कौर के साथ जब गुरतेज सिंह ने संपर्क किया तो वह दोनों विवाह से पहले किए वादे से मुकर गए। उल्टा झूठा मुकदमा दर्ज करवाकर जेल में डलवाने की धमकी दी। गुरतेज सिंह ने बताया कि उसने जमीन गिरवी रखकर अर्श कौर को कनाडा भेजा था। डीआईजी ने मामले की जांच के आदेश दिए। एसपी (आई) अजयराज सिंह ने पड़ताल की। इस दौरान गुरतेज सिंह के आरोप सही साबित हुए। डीए लीगल की राय लेकर अर्श कौर, दलविंदर सिंह व राजविंदर कौर के खिलाफ थाना सरहाली में केस दर्ज कर लिया गया।