सीएम मान इस्तीफा दें
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में अराजकता की सारी हदें पार हो गई हैं। पुलिस थानों, पूजा स्थलों पर हमले और बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्तियों को तोड़ने के बाद अब पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमला हुआ है। इन सभी घटनाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान स्थिति को संभालने में असमर्थ हैं। मुख्यमंत्री को इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले ने एक बार फिर पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पंजाब को बर्बाद करने की एक बड़ी साजिश है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। अब मामला आपके नियंत्रण में नहीं है।
लाॅरेंस बिश्नोई ने पाकिस्तान से मिलकर करवाया हमला
वहीं इस मामले में पंजाब सरकार के मंत्री मोहिंदर भगत का बड़ा बयान सामने आया है। भगत मनोरंजन कालिया का हाल चाल लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अच्छे माहौल में बातचीत हुई, पुलिस अपना काम कर रही है। पर सच्चाई ये है कि पंजाब में इस तरह की हरकतें लॉरेंस बिश्नोई पाकिस्तान से मिलकर करवा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई को अहमदाबाद की साबरमती जेल में केंद्र की बीजेपी सरकार द्वारा पूरी सुरक्षा दी जा रही है। ये किसी से छुपा नहीं है कि लॉरेंस के पाकिस्तानियों के साथ संबंध हैं।
आप पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा कि देर रात मनोरंजन कालिया के घर पर हमले की खबर के बाद बाद मैंने उन्हें फोन करके उनका हालचाल पूछा। पूरा परिवार सुरक्षित है। इस तरह के हमले ड्रग माफिया और गैंगस्टरों पर रोजाना हो रही कार्रवाई के कारण पैदा हुई घबराहट का संकेत हैं। पुलिस अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।