श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज के लाइब्रेरियन तरसेम सिंह (45) ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या से पहले उन्होंने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें कॉलेज के सुपरिटेंडेंट जगतार सिंह पर बिना वजह तंग करने और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।
मेडिकल छुट्टी पास करवाने के नाम पर मांगी रिश्वत
भगवान वाल्मीकि कॉलोनी निवासी तरसेम सिंह ने वीडियो में बताया कि सुपरिटेंडेंट जगतार सिंह उन्हें परेशान करते थे और रिश्वत की मांग करते थे। उन्होंने कहा किया कि वो पहले दो बार उन्हें पांच-पांच हजार रुपये दे चुके हैं, लेकिन तीसरी बार मेडिकल छुट्टी पास करवाने के नाम पर दोबारा पैसे मांगे जा रहे थे।
नौकरी से निकलाने की धमकियां
रिश्वत न देने पर नौकरी से निकालने की धमकियां दी जाती थीं। मृतक की पत्नी नीतू के अनुसार, तरसेम सिंह ने परिवार से कहा था कि उनका शव कॉलेज के सामने रखकर मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया जाए। पीड़ित परिवार ने सुपरिटेंडेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि वीडियो के आधार पर जगतार सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।