पंजाब के होशियारपुर में एक गैंगस्टर की मौत का मामला सामने आया है। गैंगस्टर आशीष चोपड़ा को इसी साल मार्च माह में मध्य एशिया के किसी देश से जांच एजेंसियों ने डिपोर्ट करवाकर दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया था।
होशियारपुर जिला जेल में बंद नामी गैंगस्टर भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल होशियारपुर लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
विज्ञापन
अस्पताल पहुंचाने पर हो चुकी थी मौत
सिविल अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, जब आशीष चोपड़ा को अस्पताल लाया गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल उसकी मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम और संबंधित जांच के बाद ही चल सकेगा। फिरोजपुर निवासी भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष चोपड़ा पंजाब के चर्चित गैंगस्टरों में शामिल था।
विज्ञापन
इसी साल मध्य एशिया से करवाया था डिपोर्ट
पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से उसे मध्य एशिया के एक देश से डिपोर्ट करवाकर 12 मार्च 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ फिरोजपुर, फाजिल्का और पटियाला जिलों में नौ एफआईआर दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी थी।
हत्या समेत नशा तस्करी के मामलों में था वांछित
पुलिस के अनुसार, वह सितंबर 2024 में फिरोजपुर में हुए तिहरे हत्याकांड और नशा तस्करी के कई मामलों में वांछित था। उस पर पाकिस्तान से पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभाने के आरोप भी थे। गैंगस्टर की मौत के बाद मामले में पोस्टमार्टम और न्यायिक जांच के जरिए मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।