लाडोवाल थाने क्षेत्र के मनेवाल गांव के पूर्व प्रधान नवतेज सिंह उर्फ नीटू 60 की शनिवार देर रात बेखौफ बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने उनकी इनोवा कार को निशाना बनाते हुए करीब दस राउंड गोलियां दागीं। खून से लथपथ हालत में स्थानीय लोगों ने उन्हें डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलते ही लाडोवाल थाने की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। हत्यारों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। प्रारंभिक आशंका जमीन विवाद को लेकर हत्या की है, हालांकि पुलिस कई एंग्ल से जांच कर रही है।
घटना का विवरण
कृष्णा नगर, घूमार मंडी निवासी नवतेज सिंह 3 अक्तूबर की शाम मनेवाल स्थित अपने खेत में चल रहे कार्यों का जायजा लेने के बाद घर लौट रहे थे। लाडोवाल टोल प्लाजा से साउथ सिटी रोड पर गाड़ी पुल की ओर मुड़ी तो पंजाब फूड दफ्तर के समीप दो अज्ञात बाइक सवारों ने उनकी कार को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अमूमन उनके साथ बेटा रहता था, लेकिन शनिवार को वे अकेले ही गाड़ी लेकर निकले हुए थे।