सीआईए स्टाफ जीरा की पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन मंगवाकर उसकी सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को मामले में नामजद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 255 ग्राम हेरोइन और एक बाइक बरामद की है। उक्त हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत आई थी।
पुलिस के मुताबिक सीआईए स्टाफ जीरा को गुप्त सूचना मिली थी कि सतनाम सिंह पुत्र वीर और गुरमुख सिंह उर्फ धम्मी पुत्र सुखचैन सिंह निवासी गांव जकरांव, थाना सदर फिरोजपुर, पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाते हैं। दोनों आरोपी विदेश से मंगवाई गई हेरोइन की सप्लाई सुखचैन सिंह और रेशम सिंह उर्फ कक्कड़ को करते हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुखचैन सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी गांव जकरांव तथा रेशम सिंह उर्फ कक्कड़ पुत्र फौजा सिंह निवासी बस्ती रूड़ेवाली, गांव भाला फराया मल, थाना आरिफके को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी डीलक्स बाइक पर गांव संदू शाह वाला में ग्राहकों का इंतजार कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 6 किलो 255 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।