फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में देर रात फायरिंग: पेट्रोल पंप पर रुके वांछितों को पुलिस ने घेरा, गाड़ियों को टक्कर मारकर भागे

Sat, 12 Sep 2026 10:26 AM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

खरड़ सीआईए की टीम को इन दोनों आरोपियों के किसी मामले में वांटेड होने की सूचना थी। टीम तीन काली स्कॉर्पियो में सवार होकर एंडेवर कार का पीछा कर रही थी। पीछा करते हुए आरोपी सेक्टर-52 स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचे।
विज्ञापन
चंडीगढ़ सेक्टर-52 मैं पेट्रोल पंप पर चली गोली, जांच करती चंडीगढ़ और पंजाब पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ के सेक्टर-52 स्थित इंडियन ऑयल करन फिलिंग प्वाइंट पर शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे खरड़ सीआईए टीम और एंडेवर कार में सवार दो संदिग्ध आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। 
विज्ञापन


मोहाली की तरफ से आरोपियों का पीछा करते हुए पहुंची सीआईए टीम ने तीन काली स्कॉर्पियो से उनकी एंडेवर कार को घेर लिया। खुद को पुलिस वाहनों से घिरा देख आरोपियों ने रास्ता बनाने के लिए पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए भागने का प्रयास किया। इसी दौरान पेट्रोल पंप पर खड़ी एक मोटरसाइकिल भी एंडेवर की चपेट में आ गई। 

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को रोकने के लिए सीआईए टीम ने आत्मरक्षा में तीन से चार राउंड फायर किए, लेकिन गोली किसी आरोपी को नहीं लगी। दोनों आरोपी पुलिस की घेराबंदी तोड़कर तेज रफ्तार से मोहाली की तरफ फरार हो गए।
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, खरड़ सीआईए की टीम को इन दोनों आरोपियों के किसी मामले में वांटेड होने की सूचना थी। टीम तीन काली स्कॉर्पियो में सवार होकर एंडेवर कार का पीछा कर रही थी। पीछा करते हुए आरोपी सेक्टर-52 स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचे। बताया जा रहा है कि आरोपी वहां कार में तेल भरवाने के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से पहुंची सीआईए टीम ने तीनों पुलिस वाहनों से एंडेवर को घेर लिया।
विज्ञापन

पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर बनाया रास्ता
पुलिस के मुताबिक, चारों तरफ से घिरने के बाद आरोपियों ने अचानक एंडेवर को तेज रफ्तार में दौड़ा दिया। भागने के दौरान उन्होंने पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारी। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों के बीच अचानक अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान एंडेवर ने वहां खड़ी एक बाइक को भी टक्कर मार दी। आरोपियों को रोकने के लिए सीआईए टीम ने फायरिंग की, लेकिन दोनों आरोपी भागने में सफल रहे।

फायरिंग के दौरान पेट्रोल पंप और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही क्षणों में एंडेवर कार मोहाली की दिशा में निकल गई।

कैमरे में कैद हुई पूरी घटना
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में मुठभेड़ और आरोपियों के भागने की पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में तीन स्कॉर्पियो से एंडेवर कार को घेरने, आरोपियों द्वारा पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर निकलने और पेट्रोल पंप पर खड़ी बाइक को चपेट में लेने की तस्वीरें पुलिस के लिए अहम सुराग बन सकती हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी लक्ष्य पांडे, क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर नरेंद्र पटियाल, सेक्टर-36 थाना प्रभारी चिरंजी लाल शर्मा, ऑपरेशन सेल इंस्पेक्टर शेखों समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पेट्रोल पंप और आसपास के इलाके की जांच की तथा सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

मोहाली की तरफ भागे, देर रात तक तलाश
पुलिस टीमें अब एंडेवर कार में सवार दोनों आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की कार का रूट ट्रेस किया जा सके। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी मोहाली की तरफ फरार हुए हैं और उनकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किस मामले में वांटेड थे और उनके किसी गैंगस्टर गिरोह से संबंध हैं या नहीं। फिलहाल इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें