मोगा जिले के गांव बुद सिंह वाला में आपसी रंजिश के चलते एक एनआरआई के घर के गेट के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग करने का मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपी मौके से फरार हो गया। फायरिंग की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित परिवार ने डायल 112 को दी सूचना
घटना के बाद परिवार ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना बाघापुराना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस संबंध में डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैरा ने बताया कि गुरुवार दोपहर में पुलिस को डायल 112 से सूचना मिली थी कि गांव बुद सिंह वाला निवासी रणधीर सिंह के घर के बाहर फायरिंग की गई है।
आपसी रंजिश का मामला
शुरुआती जांच में सामने आया कि रणधीर सिंह के साले का बेटा गुरप्रीत सिंह गोपी, निवासी गांव कोटला राय सिंह वाला, स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आया और घर के बाहर फायरिंग करने के बाद फरार हो गया। डीएसपी ने बताया कि दोनों परिवारों के कुछ सदस्य विदेश में रहते हैं और उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मामले में परिवार के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।