पंजाब के फगवाड़ा-जालंधर नेशनल हाईवे पर चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना से वक्त कार में पति-पत्नी और उनके बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि पूरा परिवार सुरक्षित बाहर कूद गया।
फगवाड़ा-जालंधर नेशनल हाईवे पर गोल चौक पुल के ऊपर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और बड़ी-बड़ी लपटें उठने लगीं। कार में सवार चार लोगों ने कूदकर अपनी जान बचाई। आग इतनी भीषण थी कि जब तक दमकल कर्मी आग बुझाते तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बलजीत सिंह निवासी गगड़ माजरा (खन्ना) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ टाटा इंडिगो कार में कपूरथला जिले के नडाला गांव में विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। फगवाड़ा पहुंचते ही अचानक कार के इंजन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग फैल गई। चालक बलजीत सिंह ने तुरंत गाड़ी रोकी और परिवार को सुरक्षित बाहर निकालकर दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायरमैन नितिन शिंगारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग की वजह से कार क्षतिग्रस्त हो गई।