पठानकोट शहर के ढांगू रोड स्थित छोटी लाइन निकट मार्केट में एक दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया और वहां अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। धुएं का गुबार चारों तरफ फैल गया। आग की वजह से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग इतनी भयानक थी कि दमकल विभाग के पहुंचे कर्मचारी भी कई घंटे तक आग पर काबू नहीं पा सके।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर बाद 4:30 बजे के करीब उक्त मार्केट में मिट्टी के तेल की दुकान में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी भी चपेट में आ गई। आग की वजह से दुकान और स्कूटी धूं-धूं जल गई। आसपास के लोगों और दुकान के मालिक राजू महाजन ने तुरंत दमकल विभाग को जानकारी दी। दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दुकान में पड़ा सामान जलकर खाक हो गया है। आग की वजह से आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।