पंजाब शिक्षा विभाग ने कुछ समय पहले फिनलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ तुर्कू से एमओयू साइन किया था। इसी कड़ी में यूनिवर्सिटी का एक प्रतिनिधिमंडल पंजाब पहुंचा है। जिन्होंने चंडीगढ़ में पंजाब के प्राइमरी स्कूलों के 296 टीचरों को ट्रेनिंग दी।
फिनलैंड की यूनिवर्सिटी ऑफ तुर्कू के विशेषज्ञों की टीम पंजाब में पहुंच गई है। मंगलवार को पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें टीम ने प्रदेश के 296 प्राइमरी टीचरों को प्रशिक्षण दिया। टीम को स्कूलों का दौरा करवाने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि प्रदेश की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ही टीम टीचरों के लिए आगे का प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार कर सके। शिक्षकों के दूसरे बैच को जल्द ही आगे फिनलैंड में भेजने की शिक्षा विभाग तैयारी कर रहा है।
विज्ञापन
पंजाब के स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि राज्य के स्कूलों में शिक्षा के स्तर को वैश्विक बनाने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए टीम के इस दौरे का आयोजन किया गया है। चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित मैगसीपा में इसे लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्राथमिक स्कूलों के शिक्षकों ने भाग लिया। बैंस ने बताया कि फिनलैंड में तीन सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए भेजे गए 72 शिक्षकों के पहले बैच की शानदार सफलता के बाद विभाग की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में 23 डीईओ (एलिमेंट्री) ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य अध्यापकों को प्रभावी प्राथमिक विद्यालय शिक्षण तकनीकों से सुसज्जित करना है।
विद्यार्थियों के लिए सीखने की प्रक्रिया रोमांचक और तनाव मुक्त बनेगी
फिनलैंड विशेषज्ञों की टीम में ऐरी कियोस्की, मिरजामी इनोला और सारी इसोकायटो-सिंजॉय शामिल है। स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमल किशोर यादव ने उनका स्वागत किया। यह कार्यक्रम प्राइमरी विद्यालय के अध्यापकों को ऐसी तकनीकों को अपनाने में मदद करेगा, जो विद्यार्थियों के लिए सीखने की प्रक्रिया को रोमांचक और तनाव-मुक्त बनाएंगी।