केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच बुधवार को चंडीगढ़ में एक महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। इस बैठक में मुख्य रूप से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर चर्चा होगी। किसान संगठन केंद्र सरकार से एमएसपी पर अपनी रिपोर्ट पर जवाब मांगेंगे, जिसे उन्होंने हाल ही में सौंपा था।
यह बैठक चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट में सुबह 11 बजे होगी। पहले यह बैठक शाम 5 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन अब इसके समय में बदलाव कर दिया गया है। बैठक में दोनों किसान संगठनों के 28 सदस्य भाग लेंगे। बैठक के मुख्य मुद्दों में एमएसपी पर कानूनी गारंटी, किसानों का कर्ज माफ करना, प्रदर्शनकारी किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेना शामिल है। वहीं, केंद्र सरकार दालों, मक्का और कपास की फसलों को एमएसपी पर खरीदने के लिए पांच साल की योजना पेश कर सकती है।
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल एंबुलेंस के माध्यम से खनौरी मोर्चे से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा है कि किसान बैठक में मजबूती से अपना पक्ष रखेंगे और उम्मीद है कि केंद्र सरकार उनके मुद्दों का समाधान करेगी।
दो बैठकों में नहीं निकला था कोई नतीजा
इससे पहले किसानों और केंद्र सरकार के बीच दो बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला था। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। पंजाब सरकार के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां भी बैठक में हिस्सा ले सकते हैं।