प्रधान पद की दौड़ में नेताओं की बघेल से मीटिंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की दौड़ में शामिल नेताओं ने नए प्रभारी भूपेश बघेल के साथ तालमेल बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में 18 फरवरी को मौजूदा प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के साथ नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने नए प्रभारी से दिल्ली में मुलाकात की।
करीब ड़ेढ घंटे की इस मुलाकात में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के अलावा प्रदेश इकाई को लेकर गहन चर्चा हुई। इस मुलाकात के अगले ही दिन प्रधान की दौड़ में शामिल रंधावा और परगट सिंह ने भी नए प्रभारी से दिल्ली में मुलाकात की। आने वाले दिनों में कई बड़े चेहरे नए प्रभारी से मेल मिलाप कर सकते हैं, बताया जा रहा है इस मुलाकात के जरिये नए प्रभारी को भी पंजाब कांग्रेस का नया प्रधान बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मनाया जा रहा है।
कांग्रेस पंजाब में बेहतर विकल्प, सियासी समीकरण चुनौती
2024 के लोकसभा चुनाव में 13 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद उप चुनाव से लेकर पंचायत और निकाय चुनावों में आप को कड़ी टक्कर देने वाली कांग्रेस अब भी प्रदेश की जनता के बीच एक बेहतर विकल्प के रूप में लगातार उभरकर सामने आ रही है।
सत्ताधारी आप ने पंजाब में अपनी पार्टी की कमान अब हिंदू चेहरे के हाथों दी हैं। इसके पीछे का मुख्य कारण जातीय समीकरण भी बताए जा रहे हैं, क्योंकि गठबंधन से अलग हुई भाजपा ने अपने वोट प्रतिशत में इजाफा किया है। ऐसे में अब पंजाब कांग्रेस के लिए यह बड़ी चुनौती होगी कि वह अपने प्रदेश इकाई के लिए नए चेहरे के रूप में क्या जातीय समीकरण बैठाती है। या फिर वह हिंदू चेहरे को छोड़ दलित नेता या जट सिख चेहरे को ही आगे रखेगी।