आम आदमी पार्टी की मोगा विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा के आवास पर 29 घंटे से ईडी की रेड जारी है। मंगलवार रात करीब 3 बजे ईडी की टीम ने मोगा में दस्तक दी थी। विधायक के दोनों घरों सहित कुल सात ठिकानों पर ईडी की टीमों ने दबिश दी।
ईडी की चंडीगढ़ इकाई की यह कार्रवाई सरकारी जमीन के अधिग्रहण और मुआवजा वितरण में कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में हुई। मामला राष्ट्रीय राजमार्ग-754ए के निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन के फर्जी इंतकाल और मुआवजे के गलत वितरण से संबंधित है। ईडी ने पंजाब पुलिस की जून 2024 में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया था।
वहीं ईडी के विरोध में बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता विधायक के घर के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं।
बुधवार को ईडी की टीम खन्ना के गांव लिबड़ा स्थित डाॅ. अमनदीप काैर के ननिहाल भी पहुंची। यहां परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई। उनके मोबाइल फोन, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई। मोगा में विधायक के परिजनों, सहयोगियों और उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़े नशामुक्ति अस्पताल की तलाशी ली गई।