डबवाली-बठिंडा हाईवे पर कार एक्सीडेंट के बाद गाड़ी में आग लग गई। कार में सवार चालक उसमें फंस गया और वह जिंदा जल गया। मृतक की पहचान मोहताश कुमार नारंग उर्फ मोनू (32) निवासी परसराम नगर, बठिंडा के तौर पर हुई है।
पंजाब के बठिंडा में सड़क हादसे में कार सवार व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना डबवाली-बठिंडा हाईवे पर रविवार देर रात की है। दोस्तों के साथ पार्टी करने के बाद व्यक्ति घर लौट रहा था। अचानक उसकी कार संतुलन बिगड़ गया और कार हाईवे से नीचे की तरफ पलट गई और उसमें आग लग गई। कार चालक गाड़ी में ही फंस गया और वह कार के भीतर ही जिंदा जल गया। मृतक की पहचान मोहताश कुमार नारंग उर्फ मोनू (32) निवासी परसराम नगर, बठिंडा के तौर पर हुई है। यह हादसा हाईवे पर स्थित गांव गुरुसर सेहने वाला के पास हुआ है।
विज्ञापन
मृतक के परिजनों के अनुसार वह बठिंडा से मंडी डबवाली की तरफ जा रहा था। जब वह गांव गुरुसर सैनेवाला के बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो उसकी कार हादसे का शिकार हो गई। मोनू निजी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। परिवार में पत्नी और मां है, जो विकलांग है। मोनू की पत्नी चाहत नारंग एक बैंक में प्राइवेट नौकरी करती है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार्रवाई की है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि गाड़ी में सीएनजी किट लगी थी, लेकिन सीएनजी किट मंजूरशुदा नहीं थी। संभावना जताई जा रही है कि सीएनजी गैस के रिसाव होने से कार में आग लगी है।
हादसे के दौरान कार के चारों दरवाए लॉक थे। शव बुरी तरह जल गया था। सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसा रात करीब दो बजे हुआ है। इस वजह से आसपास के लोगों को घटना का पता देरी से चला। कुछ समय बाद आग की बड़ी लपटों के देखकर हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने थाना संगत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया, लेकिन तब तक शव पूरी तरह जल चुका था और कार भी जलकर राख हो चुकी थी।