नई दिल्ली के साहिबपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों की बेअदबी के मामले में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के सदस्यों ने शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचकर जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के समक्ष अपना पक्ष रखा। वहीं, निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने भी इस मामले में कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डीएसजीएमसी की वॉर्ड नंबर 26 की कार्यकारी सदस्य बीबी रणजीत कौर और सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सचिवालय में रहे। उन्होंने 18 नवंबर को जत्थेदार के सचिवालय की ओर से जारी पत्र के जवाब में अपना लिखित स्पष्टीकरण सौंपा।
बीबी रणजीत कौर ने अपने जवाब में बताया कि 17 नवंबर को वह गुरु तेग बहादुर जी और उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाला के 350वें शहीदी दिवस के समापन समारोह को लेकर डीएसजीएमसी कार्यालय में आयोजित बैठक में मौजूद थीं।
दोपहर करीब तीन बजे उन्हें सोशल मीडिया से पता चला कि वॉर्ड नंबर 28 के एक गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना हुई है। इसके बाद वह एक सिख और कमेटी सदस्य होने के नाते मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अन्य सदस्यों और संगत के साथ तिलक नगर थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने में सहयोग किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना उनके वॉर्ड में नहीं हुई और उन्हें इस मामले की इससे अधिक जानकारी नहीं है।
निहंग जत्थेबंदी ने कमेटी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
इस मामले में निहंग सिंह नेता जगतार सिंह (बुड्ढा दल, अकाली बाबा मान सिंह 96 करोड़ी) भी अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि दिल्ली के शाहपुर इलाके के एक गुरुद्वारे में एक व्यक्ति लगातार तीन दिन तक आता रहा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के कुछ हिस्से निकालकर ले जाता रहा। यह घटना 15 नवंबर को हुई थी, जबकि इसकी जानकारी 17 नवंबर को मिली।
उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी को कमेटी के सदस्यों ने नहीं, बल्कि गुरुद्वारे के सेवादारों ने पकड़ा था। इसके बाद कमेटी की ओर से निहंग सिंहों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि आरोपी जेल में है और तीन दिन बाद निहंग सिंहों ने गुरु साहिब के स्वरूपों को अपनी छावनी में लाकर सुरक्षित रखा, जो अभी भी वहीं हैं।
जगतार सिंह ने कमेटी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गुरुद्वारों में गुरु साहिब के स्वरूपों की सुरक्षा के बजाय गोलक की गिनती को अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारे की इमारत में तंबाकू मिलने की बात भी सामने आई है। उनका कहना था कि केवल सीसीटीवी कैमरे लगाने से सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकती, बल्कि गुरुद्वारों में सेवादारों और स्वयंसेवकों की नियमित तैनाती भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा प्रबंधन की व्यवस्था में सुधार होना चाहिए और बेअदबी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि निहंग सिंह किसी से डरने वाले नहीं हैं।