दीपा दुबे आम आदमी पार्टी में हुईं शामिल
- फोटो : संवाद
कांग्रेस की पूर्व प्रदेश महिला अध्यक्ष दीपा दुबे ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गईं। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की के खिलाफ मोर्चा खोलने के बाद वह पार्टी से निष्कासित कर दी गई थीं। सेक्टर-3 में आयोजित कार्यक्रम में आप के प्रभारी जरनैल सिंह समेत प्रदेश के नेताओं ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
दीपा दुबे के आप में शामिल होने के बाद चंडीगढ़ की राजनीति में कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं के भी पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं।
दीपा दुबे कई वर्षों तक चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने मनीष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था। इस फैसले के बाद दीपा दुबे ने प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की थी। पार्टी नेतृत्व के विरोध के चलते उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें छह साल के लिए कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया। वह चंडीगढ़ नगर निगम का चुनाव भी दो बार लड़ चुकी हैं।
भाजपा पर लगाया वोट चोरी का आरोप
आप में शामिल होने के कार्यक्रम में चंडीगढ़ के प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। इस दौरान जरनैल सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए देशभर में लूट मचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में मेयर चुनाव के दौरान वोटों की चोरी हुई थी और अब पूरे देश में ऐसा हो रहा है। पहले जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सरकार चुनती थी, लेकिन अब भाजपा तय कर रही है कि कौन वोट डाल सकेगा। दीपा दुबे ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी को मजबूत बनाने और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगी।