इस साल फरवरी माह में अमेरिका (यूएसए) ने सैकड़ों भारतीयों को डिपोर्ट कर बेड़ियों व हथकड़ियों में जकड़ कर वापस भेजा था। इनमें बड़ी संख्या में पंजाब के युवा थे, जिन्हें ट्रैवल एजेंटों ने अवैध तरीके (डंकी रूट) से अमेरिका भेजा था। इस तरह की कथित धोखाधड़ी के एक आरोपी ट्रैवल एजेंट को होशियारपुर के थाना एनआरआई की पुलिस ने अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ट्रैवल एजेंट इटली से पंजाब लौटा था। उसे अमृतसर एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन अधिकारियों ने पकड़ लिया और होशियारपुर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंच कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रैवल एजेंड सुरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव लोहगढ़ पुलिस स्टेशन मुकेरियां, होशियारपुर का रहने वाला है।
मामले में यूएसए से डिपोर्ट होकर आए होशियापुर के पीड़ित सुखपाल सिंह निवासी मोहल्ला दारापुर, उड़मुड़ की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ट्रैवल एजेंट सुरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वह फरार चल रहा था।
जानकारी के अनुसार आरोपी सुरिंदर सिंह फिलहाल इटली में रह रहा था। इटली के मंटोबा में ट्रैवल एजेंसी का दफ्तर है। भारत में उसका पता गांव जाजा, पुलिस स्टेशन टांडा, जिला होशियारपुर बताया गया है। पुलिस के मुताबिक ट्रैवल एजेंट सुरिंदर सिंह ने पीड़ित सुखपाल सिंह से कहा था कि वह उसे 15 दिन में अमेरिका भेज देगा और इसके लिए 20 लाख रुपये लगेंगे। फिर सुरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी उसके गांव जाजा आकर उसके पिता प्रेमपाल सिंह से 20 लाख रुपये ले गया था।
रुपये मिलने के बाद, आरोपी सुरिंदर सिंह ने सुखपाल सिंह को निकारागुआ का टिकट भेजा। निकारागुआ से उसे होंडुरास, होंडुरास से ग्वाटेमाला, ग्वाटेमाला से मैक्सिको और 4 दिन में वह मैक्सिको के तपचुला शहर पहुंचा था। सुखपाल सिंह को 45 दिन तक मैक्सिको में रखा गया जहां इन एजेंटों ने उसे खाना-पानी देना भी बंद कर दिया था। फिर, सुखपाल सिंह को 22 जनवरी 2025 को अमेरिकी बॉर्डर पर भेज दिया गया जहां उसे गिरफ्तार कर लिया हया। उसे यूएसए के सैन डिएगो में एक कैंप में भेजा गया, जहां वह करीब 12 दिन रहा। जिसके बाद, 02 फरवरी 2025 को सुखपाल सिंह डिपोर्ट कर इंडिया वापस भेज दिया गया।
मामले में फरार चल रहा आरोपी सुरिंदर सिंह उर्फ हैप्पी 16 दिसंबर को इटली से अमृतसर पहुंचा, जहां इमिग्रेशन ऑफिसर उसे रोक लिया व होशियारपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एनआरआई थाने की पुलिस ने अमृतसर पहुंच कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे होशियारपुर लाकर अदालत में पेश किया गयां जहां अदालत ने उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।