सांसद सुखजिंदर रंधावा ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कोई भी गैंगस्टर उन्हें हिला नहीं सकता। भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को गैंगस्टरों के स्वर्ग में बदल दिया है, जहां पर कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।'
गुरदासपुर के कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा के बेटे को जान से मारने की धमकी मिली है। रंधावा ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा है कि उनके बेटे उदयवीर सिंह रंधावा को जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की ओर से जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
विज्ञापन
दरअसल कस्बा फतेहगढ़ चूड़ियां में वीरवार को दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने पगड़ी सेंटर पर गोलियां चलाई थीं। इस मामले को लेकर रंधावा का कहना है कि वीरवार को उनका एक समर्थक उनके बेटे से मिला था। उस पर करीब एक घंटे के बाद गोली चला दी गई।
दो अज्ञात हमलावरों ने चलाईं गोलियां
फतेहगढ़ चूड़ियां में परमिंदर सिंह निवासी गांव रणसिक्के कलां की दुकान सरदार पगड़ी हाउस पर वीरवार को करीब 11 बजे मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
गोली दुकान के शीशे पर लगी थी, जिसके कारण शीशा टूट गया था, लेकिन कोई जानी नुकसान नहीं हुआ था। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी विपन कुमार और थाना फतेहगढ़ चूड़ियां के प्रभारी प्रभजोत सिंह मौके पर पहुंच गए और दुकानदार के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
विज्ञापन
पता चला है कि इस घटना से कुछ घंटे पहले ही सांसद रंधावा के बेटे उक्त दुकान पर आए थे। उनके जाने के कुछ घंटे बाद दुकान पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चला दी।