जिला परिषद चुनाव लड़ेंगी कंचनप्रीत, कसेल बनाया उम्मीदवार
कंचनप्रीत कौर को रविवार सुबह करीब 4 बजे अदालत के आदेश पर रिहा किया गया था। रिहाई के तुरंत बाद शिअद ने एलान किया कि कंचनप्रीत कौर आगामी जिला परिषद चुनाव में जोन कसेल से पार्टी की उम्मीदवार होंगी। कंचनप्रीत ने कहा कि कठिन समय में पार्टी ने जिस मजबूती से उनका साथ दिया, उसके लिए वह शिअद नेतृत्व की ऋणी हैं।
इस अवसर पर पूर्व सीपीएस विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा कि कंचनप्रीत कौर ने पंजाब सरकार की धक्केशाही के खिलाफ लगातार आवाज उठाई है और तरनतारन उपचुनाव में भी इसी लड़ाई का नेतृत्व किया था। उन्होंने बताया कि पार्टी ने सर्वसम्मति से फैसला किया है कि संघर्ष के दौर में हिम्मत दिखाने वाली कंचनप्रीत को जिला परिषद चुनाव में उतारा जाए। रिहाई के बाद कंचनप्रीत कौर श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर पहुंचीं और गुरु साहिब का शुकराना किया। उन्होंने गुरबाणी कीर्तन सुना और सरबत के भले की अरदास की। कंचनप्रीत ने कहा कि गुरु साहिब की मेहर से ही उन्हें हर संघर्ष का सामना करने की शक्ति मिलती है।